हरियाणा में मौसम का हाल: गर्मी बढ़ने की संभावना, मानसून की विदाई
अगले 24 घंटों में मानसून की विदाई
Haryana Weather Update, चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की वापसी के साथ गर्मी में वृद्धि हो रही है। हाल ही में हिसार में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औसतन दिन का तापमान 34-37 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 22-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
बारिश की संभावना कम
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है और बारिश की संभावना बहुत कम है। हालांकि, दिन में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे 1-2 डिग्री कम रहने की संभावना है।
हवा की गति
न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास 22 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 15-25 किमी प्रति घंटा की गति वाली हवाएं चलेंगी, जबकि शाम को यह गति घटकर 15 किमी प्रति घंटा से कम हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की विदाई के कारण हरियाणा में आर्द्रता कम होगी और मौसम शुष्क रहेगा।
4 दिन बाद तापमान में गिरावट
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। प्रदेश में अब तक सामान्य से 38 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है, जबकि सिरसा में सबसे कम 346.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
भारी बारिश से तबाही
राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के कारण जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान और फसलों में खराबा जैसी समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। विशेष रूप से दक्षिण हरियाणा के जिलों जैसे महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। कृषि विभाग के अनुसार, हजारों एकड़ में खड़ी खरीफ फसलें या तो बर्बाद हो चुकी हैं या प्रभावित हुई हैं।