हरियाणा में मौसम का हाल: ठंड और स्मॉग की चेतावनी
हरियाणा का मौसम 10 नवंबर: चंडीगढ़ मौसम समाचार
हरियाणा में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। ठंड ने भी अपनी दस्तक दे दी है।
दिन के समय गर्मी महसूस होती है, जबकि रात में ठंड बढ़ती जा रही है। पूरे क्षेत्र में उत्तरी सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आ रही है। इस कारण सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है।
स्मॉग की संभावना
हिसार शहर में रविवार को दिन का तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है।
ठंड के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम AQI 319 के स्तर पर रहा। ठंड बढ़ने से कार्बन कण हवा में ऊपर नहीं उठ पा रहे हैं, जिससे स्मॉग की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
बादलों की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 13 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की उम्मीद है।
हवा चलने के कारण दिन में तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है, लेकिन रातें ठंडी बनी रहेंगी। दिन का तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच और रात का तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बादल भी छा सकते हैं।