हरियाणा में शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल: पहरावर में लॉ कॉलेज और अन्य संस्थानों का शिलान्यास
हरियाणा में शिक्षा का नया अध्याय
हरियाणा समाचार: प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने जानकारी दी कि गांव पहरावर में राष्ट्रीय स्तर का लॉ कॉलेज, गौड़ संस्था का प्रशासनिक भवन, भगवान परशुराम पब्लिक स्कूल और भगवान परशुराम कॉलेज ऑफ नर्सिंग फॉर गल्र्स का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया है। इन परियोजनाओं पर जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा है। इस आयोजन में सभी समाजों की भागीदारी और शहीदों तथा सैनिकों के सम्मान को समर्पित किया गया है, जो पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। रविवार को कैबिनेट मंत्री ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा रोहतक के पहरावर धाम में समाज के सहयोग से स्थापित की जाएगी। इसके लिए प्रसिद्ध आर्किटेक्ट्स और कारीगरों से विशेष कार्य योजना तैयार करवाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तीसरे कैम्पस में जो शुरुआत हुई है, उससे प्रदेश के युवाओं को बड़े अवसर और संभावनाएं मिलेंगी।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गौड़ संस्था कैम्पस में शुभारंभ किया, जिससे विप्र समाज और सभी समुदायों में खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री ने पहरावर कैम्पस में शैक्षणिक परिसरों के विकास के लिए मैचिंग ग्रांट की घोषणा की है। इसके साथ ही, गांव पहरावर में विभिन्न विकास कार्यों की मांगों पर सहमति देते हुए उनकी फिजिबिलिटी की जांच करवाने का भरोसा दिया है।