हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा में अभिषेक सरोहा ने हासिल की पहली रैंक
अभिषेक सरोहा की सफलता की कहानी
अभिषेक सरोहा एचपीएससी एचसीएस टॉपर: हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा आयोजित हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) परीक्षा में गोहाना के निवासी अभिषेक सरोहा ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने तीसरे प्रयास में 675 में से 394.50 अंक हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की, जबकि पहले दो प्रयासों में वह इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद सफल नहीं हो पाए थे।
अभिषेक सरोहा के अंक: एचपीएससी द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, अभिषेक ने कुल 675 अंकों में से 394.50 अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया। यह उनकी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है, जो उन सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा है, जो बार-बार असफलता का सामना कर रहे हैं।
इंटरव्यू में असफलता का सामना: अभिषेक का सफर कई चुनौतियों से भरा रहा। उन्होंने पहले भी दो बार परीक्षा दी और दोनों बार इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन सूची में उनका नाम नहीं आया।
अभिषेक ने शुरुआत में दिल्ली के करोल बाग में रहकर कोचिंग की, लेकिन दो बार असफल होने के बाद उन्होंने अपनी रणनीति में बदलाव किया।
घर पर अध्ययन: उनके चाचा तिजेंद्र सरोहा ने बताया कि असफलताओं के बाद अभिषेक घर लौट आए और परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने दिल्ली का हॉस्टल छोड़कर घर पर नियमित अध्ययन शुरू किया और अगले तीन वर्षों तक पढ़ाई में जुटे रहे।
जब भी किसी विषय में कठिनाई आई, तो वह केवल अपनी शंकाओं को दूर करने के लिए दिल्ली जाते थे। उन्होंने अपनी कमजोरियों पर काम किया और तीसरे प्रयास में शीर्ष रैंक हासिल की।
गोहाना में जश्न: अभिषेक गोहाना के सेक्टर-7 में रहते हैं। उनके पिता जगबीर सिंह सरोहा गोहाना के आरके हिंदू स्कूल के प्रबंध निदेशक हैं।
गुरुवार को अंक और मेरिट सूची जारी होते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवार ने बताया कि अभिषेक का स्वागत शुक्रवार को गोहाना में किया जाएगा।
पानीपत से शिक्षा: अभिषेक ने अपनी प्रारंभिक और 12वीं कक्षा की शिक्षा पानीपत में अपनी बुआ के घर रहकर पूरी की। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली गए, जहां उन्होंने बीटेक की डिग्री प्राप्त की।
इंजीनियरिंग के दौरान उनका रुझान प्रशासनिक सेवाओं की ओर बढ़ा और उन्होंने सिविल सर्विस को अपना लक्ष्य बना लिया। प्रारंभिक असफलताओं के बावजूद उनकी निरंतरता का परिणाम है कि अब वह हरियाणा के प्रशासनिक अमले में शीर्ष स्थान पर पहुंचने जा रहे हैं। #HCSResult #AbhishekSaroha #Sonipat