×

हरोली क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में समनाल से पूबोवाल चौक तक सड़क मार्ग के निर्माण का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 15.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी में सुधार होगा। यह सड़क हरोली औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ती है, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश सरकार बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के प्रति प्रतिबद्ध है और विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के विकास को गति दे रही है।
 

सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास

-राज्य सरकार की प्रतिबद्धता: बेहतर सड़क कनेक्टिविटी


ऊना: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में समनाल से पूबोवाल चौक तक बालीवाल सड़क मार्ग के निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी मौजूद रहे।


उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस परियोजना पर लगभग 15.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। समनाल से पूबोवाल चौक वाया बालीवाल सड़क मार्ग सीधे हरोली औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ता है, जिससे इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है। इस सड़क के सुदृढ़ीकरण से औद्योगिक गतिविधियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर और मजबूत सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई विकासात्मक परियोजनाएं चल रही हैं, जिनसे क्षेत्र का विकास तेजी से हो रहा है और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।


इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, उद्योग विभाग के निदेशक डॉ यूनुस खान, उपायुक्त ऊना जतिन लाल, एसपी ऊना सचिन हिरेमठ, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।