हेमा मालिनी ने पति धर्मेंद्र के लिए पद्म विभूषण प्राप्त करते हुए जताई भावनाएं
धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया
मुंबई - दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को राष्ट्रपति भवन में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उनकी पत्नी और प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। मंगलवार को हेमा और उनकी बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाओं को साझा किया।
हेमा मालिनी ने इंस्टाग्राम पर पुरस्कार लेते हुए कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जिसमें वह काफी भावुक नजर आ रही थीं। उन्होंने एक तस्वीर के साथ लिखा, "यह मेरे लिए एक अत्यंत भावुक और खुशी का क्षण था। ऐसा लगा जैसे मेरे पति धर्मेंद्र उस समय मेरे साथ थे, वे मुझे उस मंच तक ले जा रहे थे, जहां उनका पद्म विभूषण सम्मान मेरा इंतजार कर रहा था।"
उन्होंने बताया कि जब राष्ट्रपति भवन में देश की महान हस्तियों को सम्मानित किया जा रहा था, तब धर्मेंद्र की यादें उनके मन में ताजा हो गईं। उन्होंने कहा, "उस पल मुझे उन पर गर्व महसूस हुआ। हमारे साथ बिताए गए वर्षों की यादें मेरी आंखों के सामने आ गईं। पहले फिल्मों में साथ काम करने के दिन और फिर जीवनसाथी के रूप में बिताया गया समय। इन खूबसूरत यादों को याद करके मेरी आंखें भर आईं।" हेमा ने धर्मेंद्र की सराहना करते हुए कहा, "धर्मेंद्र जी एक स्नेहशील पति, शानदार पिता, अच्छे दोस्त और समझदार इंसान थे।"
उन्होंने अंत में लिखा, "मैं भगवान का धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे इतना अच्छा जीवनसाथी दिया, जिनकी यादें मैं हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगी। धर्म जी का पद्म विभूषण प्राप्त करना मेरे लिए एक विशेष और भावुक क्षण था।"
ईशा देओल ने अपने पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, "यह हमारे लिए गर्व और भावुकता से भरा पल था। हम सब दिल से यही चाहते थे कि पापा आज हमारे बीच होते। वह हमेशा की तरह सफेद शर्ट और नीले सूट में बहुत हैंडसम लगते।"
उन्होंने आगे बताया कि उनकी मां हेमा मालिनी पुरस्कार लेने गई थीं, जहां उनकी छोटी बहन अहाना भी उनके साथ थीं। पापा को सम्मानित होते देख उसकी आंखों में आंसू आ गए और उसने तालियां बजाकर उन्हें सम्मान दिया। ईशा ने कहा, "वह हमारे लिए एक ऐसे इंसान हैं, जिन्हें हम बहुत प्यार करते हैं और गर्व से अपना पापा कहते हैं। वह हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।"