अनुराग ठाकुर ने युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का किया आह्वान
युवाओं को लोक संस्कृति से जोड़ने का संदेश
लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहें युवा: अनुराग ठाकुर
चंडीगढ़: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पंजाब विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में आयोजित Jhankaar – The Presidential Fest में भाग लिया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उनसे संवाद करते हुए भारतीय लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा, "पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड सभी भारत माता के सप्तसिंधु हैं। चाहे गिद्दा, भांगड़ा, नाटी या उत्तराखंड का छोलिया नृत्य हो, ये सभी महान सप्तसिंधु संस्कृति का हिस्सा हैं। भारत की शक्ति उसकी विविधता में है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और उन्हें देश की सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। संस्कृति, राजनीति और संसदीय परंपरा में युवाओं का संवाद एक सकारात्मक संकेत है।"
उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि हम एक लाख योग्य युवाओं को सक्रिय राजनीति में लाएं। मेरा मानना है कि आप सभी को इस एक लाख युवाओं में होना चाहिए, क्योंकि आपके पास विजन, मिशन और डेडिकेशन है। मैंने हिमाचल के युवाओं के लिए 'युवा चेंजमेकर' नाम से लीडरशिप/फैलोशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया है, जिसमें अब तक दस हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इस कार्यक्रम में चयनित युवाओं को लीडरशिप की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह हिमाचल के विकास के लिए एक बड़ा लक्ष्य है।"
कार्यक्रम के दौरान हिमाचली संस्कृति को दर्शाने वाली कई पारंपरिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें हिमाचली नाटी, सिरमौरी नाटी, किन्नौरी नाटी, लद्दाखी और मणिपुरी नृत्य शामिल थे। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और लोक धुनों ने माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन एबीवीपी और पंजाब विश्वविद्यालय कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल के सहयोग से किया गया।