अमृतसर में नहर में दरार से जलभराव, स्थानीय लोगों में हड़कंप
नहर में दरार का मामला
अमृतसर के तरनतारन रोड पर चाटीविंड गांव के निकट एक नहर में अचानक दरार आ गई। नहर का पानी तेजी से बहकर सड़कों और साहिबजादा जुझार सिंह नगर तथा भाई मान सिंह रोड जैसे आवासीय क्षेत्रों में भर गया। घुटनों तक पानी भर जाने से स्थानीय निवासियों के सामान को भारी नुकसान हुआ है, जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया है।
लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि क्षेत्र में पाइप डालने का कार्य चल रहा था। सरफेस वाटर की नहर के नीचे बोरिंग करते समय लापरवाही के कारण नहर क्षतिग्रस्त हो गई। पानी पाइपों के रास्ते से होकर सीधे आबादी वाले क्षेत्रों में बहने लगा, जिससे जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
Amritsar, Punjab: A canal broke during pipeline work, causing severe waterlogging in Sahibzada Jujhar Singh Nagar and Bhai Maan Singh Road. Knee-deep water entered homes, while residents alleged negligence by the concerned department and demanded compensation for the damage pic.twitter.com/3dnP6K2Yme
— News Media (@news_media) September 19, 2026
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एलएंडटी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर और सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया कि सबसे पहले नहर में पानी का स्तर कम किया गया। दरार को बंद करने के लिए मिट्टी से भरी बोरियां और लोहे के जाल मंगवाए गए हैं, जिन्हें ब्रीच वाली जगह पर डालकर पानी रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का सहयोग
अमृतसर दक्षिणी के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय सेवादार भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं। पुराने समय के बंद पड़े पाइपों से पानी के रिसाव को रोकने का कार्य भी जारी है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए नहर के पानी को डाइवर्ट किया गया है और अधिकारी मौके पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।