अमेरिका में तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित हुए कई प्रमुख बैंक
बैंकों की ऑनलाइन सेवाओं में आई बाधा
वॉशिंगटन: अमेरिका में एक सप्ताह के भीतर तीसरी बार तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा है। इस बार कई प्रमुख बैंकों की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जेपी मॉर्गन, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और जेला जैसे बैंकों के ग्राहक अपने ऑनलाइन खातों तक पहुंचने और लेनदेन करने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।
डाउनडिटेक्टर नामक वेबसाइट के अनुसार, बड़ी संख्या में उपयोगकर्ताओं ने बैंकिंग सेवाओं में आ रही समस्याओं की शिकायत की है। ग्राहकों को ऑनलाइन लेनदेन करने और अपने बैंक खातों को एक्सेस करने में दिक्कतें आ रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह समस्या बैंकिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हुई है।
चेज बैंक ने भी अपनी सेवाओं में आई रुकावट की पुष्टि की है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि यह समस्या तकनीकी खराबी के कारण हुई है और इसका साइबर हमले से कोई संबंध नहीं है। बैंकिंग सेवाओं में बाधा आने के बाद कई ग्राहकों ने साइबर हमले की आशंका जताई थी।
चेज बैंक के प्रवक्ता ने सोमवार को एक बयान में कहा कि तकनीकी समस्या के कारण कुछ लेनदेन सामान्य से अधिक समय ले रहे हैं। बैंक की तकनीकी टीम इस गड़बड़ी को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही है।
इस बीच, कई ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर अपनी समस्याएं साझा की हैं। उनका कहना है कि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करते समय स्क्रीन पर एरर मैसेज दिखाई दे रहा है, जिसमें बताया गया है कि कुछ बैंकिंग सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें बहाल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह में अमेरिका में तकनीकी समस्याओं ने कई महत्वपूर्ण सेवाओं को प्रभावित किया है। सबसे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आउटेज देखा गया था। इसके बाद एयरलाइंस के संचार सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण उड़ानों के टेकऑफ में कुछ समय के लिए रुकावट आई थी। अब बैंकिंग सेवाओं में आई गड़बड़ी ने ग्राहकों की परेशानियों को बढ़ा दिया है।
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने आउटेज के पीछे अपग्रेड के दौरान आई तकनीकी समस्या को जिम्मेदार ठहराया था। इस गड़बड़ी का असर अमेरिका और भारत सहित कई देशों में देखा गया था। इस दौरान माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और टीम्स जैसी सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।