☰
×

अमेरिका में साइबर हमलों से सुरक्षा पर उठे सवाल, FBI और USDA के सिस्टम प्रभावित

हाल ही में अमेरिका के USDA और FBI पर हुए साइबर हमलों ने सरकारी सुरक्षा तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। USDA के भुगतान प्रणाली में सेंध और FBI के आपराधिक रिकॉर्ड डेटाबेस में घुसपैठ की जांच चल रही है। इन घटनाओं ने तकनीकी गड़बड़ियों के बीच अमेरिका की डिजिटल सुरक्षा पर बहस को तेज कर दिया है। जानें इस मामले में और क्या जानकारी सामने आई है।
 

साइबर हमलों का शिकार हुए अमेरिकी सरकारी संस्थान

वॉशिंगटन- अमेरिका के दो प्रमुख सरकारी संस्थान, अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) और फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI), हाल ही में अलग-अलग साइबर हमलों का शिकार बने हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हैकर्स ने कृषि विभाग के भुगतान प्रणाली में सेंध लगाई है, जबकि FBI के एक महत्वपूर्ण आपराधिक रिकॉर्ड डेटाबेस में संदिग्ध घुसपैठ की जांच चल रही है। इन घटनाओं ने अमेरिकी सरकारी तंत्र की साइबर सुरक्षा तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या दोनों साइबर घटनाओं के पीछे एक ही समूह का हाथ है या नहीं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हैकर्स ने किसी संवेदनशील सरकारी जानकारी तक पहुंच बनाई है या नहीं।


किसानों के भुगतान प्रणाली में सेंध

एनबीसी न्यूज के अनुसार, हैकर्स ने USDA के उस सिस्टम को निशाना बनाया है, जिसका उपयोग किसानों को भुगतान करने के लिए किया जाता है। विभाग ने अपने कर्मचारियों को इस सुरक्षा सेंध के बारे में सूचित किया है।


इस घटना के बाद, कृषि विभाग को कई एप्लिकेशन अस्थायी रूप से बंद करने पड़े, जिससे किसानों को भुगतान, ऋण की स्थिति, सरकारी सहायता और अन्य वित्तीय सेवाओं में बाधा आई। कुछ कर्मचारी भी संबंधित डिजिटल सेवाओं का उपयोग नहीं कर सके।


हालांकि, USDA के एक वरिष्ठ अधिकारी रिचर्ड फोर्डाइस ने बताया कि यह घटना किसी सामान्य सॉफ्टवेयर अपडेट से संबंधित नहीं थी, बल्कि एक साइबर खतरा था। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में किसी व्यक्ति की पहचान से जुड़ी संवेदनशील जानकारी प्रभावित नहीं हुई है।


FBI के आपराधिक रिकॉर्ड डेटाबेस पर खतरा

दूसरी साइबर घटना में FBI के नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) को निशाना बनाए जाने का संदेह है। यह एक राष्ट्रीय स्तर का डेटाबेस है, जिसका उपयोग संघीय, राज्य और स्थानीय पुलिस एजेंसियां आपस में जानकारी साझा करने के लिए करती हैं। इसमें गिरफ्तारी वारंट, आपराधिक रिकॉर्ड और बैकग्राउंड चेक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं।


FBI के एक पूर्व अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि हैकर्स इस डेटाबेस में मौजूद जानकारियों के साथ छेड़छाड़ करने में सफल होते हैं, तो इसका प्रभाव पुलिस कार्रवाई और सार्वजनिक सुरक्षा पर पड़ सकता है।


अमेरिकी तकनीकी व्यवस्था पर चिंता

इन घटनाओं के बीच, अमेरिका के कई प्रमुख सरकारी और निजी संस्थानों में तकनीकी गड़बड़ियों की खबरें भी आई हैं। हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं। हालांकि, अधिकारियों ने इन तकनीकी व्यवधानों को आपराधिक साइबर गतिविधियों से जोड़ने से इनकार किया है।


राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) के एक गोपनीय कंप्यूटर नेटवर्क में भी तकनीकी खराबी के कारण सेवाएं बाधित रहीं। अधिकारियों के अनुसार, यह समस्या रखरखाव कार्य के दौरान आई थी और इसके पीछे किसी साइबर हमले के संकेत नहीं मिले।


इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ने लोगों से शांत रहने की अपील की है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि हालिया तकनीकी घटनाओं के बीच व्हाइट हाउस के नेशनल साइबर डायरेक्टर ने भी अपना पद छोड़ दिया है। इन घटनाओं ने अमेरिका की महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा पर बहस को तेज कर दिया है।