अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश: 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश का मामला
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 15 अक्टूबर - अमेरिका के इलिनोइस राज्य के औरोरा क्षेत्र में एक हिंदू मंदिर पर हमले की योजना बनाने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। इस युवक के पास से एक पत्र बरामद हुआ है, जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का उल्लेख किया गया है। पैलेटाइन निवासी एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।
उसे बुधवार को रोलिंग मीडोज में कुक काउंटी थर्ड म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे हिरासत में भेजने का आदेश दिया। उसकी अगली पेशी 30 अक्टूबर को होगी। यह गिरफ्तारी नवरात्रि जैसे हिंदू त्योहारों के दौरान हुई है। यह घटना ओहायो के रिचमंड हाइट्स में श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के दो सप्ताह बाद आई है।
पैलेटाइन पुलिस विभाग के अनुसार, 11 अक्टूबर को माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस ने पापोरकिस से संपर्क किया था, जब एक व्यक्ति ने उसे चिंताजनक संदेश भेजने की सूचना दी थी। जांचकर्ताओं का कहना है कि पापोरकिस ने भीड़ को निशाना बनाकर गोलीबारी की योजना का एक दस्तावेज साझा किया था।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर, जासूसों को संदेह है कि पापोरकिस 11 अक्टूबर को हमले की योजना बना रहा था, जिसमें औरोरा क्षेत्र के किसी हिंदू मंदिर को निशाना बनाया जा सकता था। हालांकि, हमले का सटीक स्थान अभी तक स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है।
पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभागों ने मिलकर 11 अक्टूबर की शाम को पापोरकिस को उसके घर से बाहर निकलते समय गिरफ्तार किया। दोनों पुलिस विभागों ने औरोरा पुलिस को संभावित खतरे के बारे में सूचित किया। इसके बाद, औरोरा पुलिस ने अपने क्षेत्र में स्थित हिंदू मंदिरों को हमले की योजना के बारे में सतर्क किया। 'हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन' ने 'एक्स' पर कहा, 'हम कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हैं और समुदाय के लोगों से सतर्क रहने का आग्रह करते हैं।'
प्रत्येक समुदाय को बिना किसी भय के पूजा करने का अधिकार है। पैलेटाइन पुलिस विभाग ने बताया कि वह संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के साथ सहयोग कर रहा है।