आंगनवाड़ी सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा
आंगनवाड़ी सहायिकाओं की मांग
महराजगंज से रिपोर्ट :: आंगनवाड़ी सहायिकाओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने मानदेय में चार हजार रुपये की बढ़ोतरी के सरकारी दावे को भ्रामक बताया। इस ज्ञापन को संगठन की लीगल एडवाइजर रमाकांती त्रिपाठी की अध्यक्षता में और संगठन की अध्यक्ष कुसुम कांति त्रिपाठी के नेतृत्व में सौंपा गया।
रमाकांती त्रिपाठी ने ज्ञापन में कहा कि सरकार द्वारा चार हजार रुपये की बढ़ोतरी का प्रचार किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में केवल 1500 रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने इसे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ धोखा करार दिया।
ज्ञापन में सरकार से अनुरोध किया गया कि वह अपने वादे के अनुसार मानदेय में चार हजार रुपये की बढ़ोतरी का शासनादेश जल्द जारी करे, ताकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनका उचित लाभ मिल सके।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं उपस्थित थीं।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट