उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का कहर: 22 जिलों में रेड अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का प्रभाव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। ठंडी हवाओं और कड़ाके की ठंड ने प्रदेश के तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित किया है। शुक्रवार की सुबह, कोहरे की मोटी परत के कारण लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कुशीनगर, सहारनपुर, बलिया, मुरादाबाद, और अलीगढ़ जैसे कई शहरों में दृश्यता शून्य हो गई। इसके साथ ही, पछुआ हवाओं के कारण पूर्वांचल और तराई के क्षेत्रों में दिन का तापमान भी काफी गिर गया, जिससे शीत दिवस की स्थिति बनी रही।
रात के समय भी कई शहरों में तापमान में गिरावट आई, जिसमें मेरठ में 5.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 22 जिलों में घने कोहरे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे इन क्षेत्रों में दृश्यता शून्य तक जा सकती है।
15 जिलों में अत्यधिक शीत दिवस की संभावना जताई गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक ठंड और कोहरे का प्रभाव इसी तरह बना रहेगा। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और वहां से आ रही पछुआ हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश में ठंड में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी।
रेड अलर्ट वाले जिले
घने कोहरे का रेड अलर्ट देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, तखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, और पीलीभीत में जारी किया गया है।