उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक, बारिश की उम्मीद
उत्तर प्रदेश में मानसून का आगमन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून जल्द ही प्रवेश करने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश की शुरुआत होने की संभावना है। इसके बाद 28 जून से कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। यूपी में मानसून की धीमी गति के बीच मौसम में विविधता देखने को मिल रही है।
बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई के कुछ जिलों में लू का प्रकोप जारी है, जबकि गौतमबुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा जैसे पश्चिमी यूपी के क्षेत्रों में तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी हो रही है। गुरुवार के लिए गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ और बाराबंकी में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को प्रदेश के कई स्थानों पर गर्मी का प्रकोप देखा गया। बांदा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। प्रयागराज में 43.4 डिग्री, जबकि वाराणसी, लखीमपुर और झांसी में 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। 25 से 27 जून के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा, जबकि पूर्वी और तराई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना भी है।