उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भ्रामक सूचनाओं पर दी चेतावनी
भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ आयोग की सख्त कार्रवाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने पीजीटी, टीईटी और अन्य परीक्षाओं से संबंधित भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सतर्क करते हुए कहा कि कुछ लोग OMR शीट, उत्तर कुंजी, कटऑफ और प्राप्तांक के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं और उन्हें आयोग कार्यालय आने के लिए उकसा रहे हैं। इसके अलावा, AI के माध्यम से फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धन के लेन-देन से संबंधित अप्रमाणित सूचनाएं भी फैल रही हैं।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि पीजीटी परीक्षा के परिणाम पहले ही घोषित किए जा चुके हैं और सभी अभ्यर्थियों के अंक तथा चयनित उम्मीदवारों के लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी को ही सही मानें। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग असत्य और भ्रामक जानकारी फैलाते हैं, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी जानकारी के लिए आयोग कार्यालय के चक्कर न लगाएं और दलालों के बहकावे में न आएं। सभी आवश्यक जानकारी आयोग की वेबसाइट www.upessc.gov.in पर उपलब्ध है।