उत्तर भारत में गर्मी का आगाज़: मौसम अपडेट
गर्मी का बढ़ता तापमान
दिन का तापमान 28 डिग्री के आसपास, आने वाले दिनों में तेजी से बढ़ेगा तापमान
फरवरी के अंत की ओर बढ़ते ही उत्तर भारत में गर्मी का अहसास होने लगा है। सर्दियों के खत्म होते ही, पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तापमान 27 से 28 डिग्री तक पहुँच गया है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। इससे यह संकेत मिलता है कि इस बार गर्मी समय से पहले आ सकती है। अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान बठिंडा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ों में बर्फबारी का दौर
पहाड़ों में अभी भी हो रही बर्फबारी
आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है। कुल्लू, किन्नौर और धर्मशाला में हल्की बारिश हुई, जबकि मनाली में धूप खिली रही। तापमान में भी काफी अंतर देखने को मिला। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। 26-28 फरवरी के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तराखंड के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रसार सक्रिय है, जिसका प्रभाव पहाड़ी जिलों में देखा जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर में गर्मी का असर
श्रीनगर में सामान्य तापमान करीब10 डिग्री ज्यादा
मौसम में बदलाव का सबसे अधिक असर जम्मू-कश्मीर के निवासियों पर पड़ रहा है। जम्मू और कश्मीर घाटी के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8-12 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। श्रीनगर में दिन का तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, जो सामान्य से 9.7 डिग्री ज्यादा है। पहलगाम में 17.5 डिग्री, गुलमर्ग में 10 डिग्री, जम्मू में 25 डिग्री और कठुआ में 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात में ठंड बनी हुई है।
दिल्ली में तापमान में वृद्धि
दिल्ली में चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, 1 मार्च तक तापमान में लगातार वृद्धि होगी। 26 फरवरी तक तापमान 32 डिग्री तक पहुँचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 13-15 डिग्री के बीच रहेगा। 27 फरवरी से 1 मार्च तक अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।