एनएफएल के नए प्लांट से नंगल और श्री आनंदपुर साहिब में रोजगार के नए अवसर
नंगल में एनएफएल के नए प्लांट का स्वागत
नंगल (सत्यदेव शर्मा): केंद्र सरकार द्वारा एनएफएल के नए प्लांट के लिए 9,000 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने पर नंगल में खुशी का माहौल है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए एनएफएल की मान्यता प्राप्त मजदूर यूनियन, भारतीय मजदूर संघ और स्थानीय व्यापारियों ने भाजपा पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा का भव्य सम्मान किया। इस समारोह में बड़ी संख्या में एनएफएल के कर्मचारी, मजदूर संगठन के प्रतिनिधि और व्यापारी शामिल हुए।
इस अवसर पर, रिकॉग्नाइज्ड यूनियन के अध्यक्ष सुमन कुमार, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष राम कुमार, पूर्व अध्यक्ष राजेश पस्सीवाल और कुलदीप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और डॉ. सुभाष शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान एनएफएल के विस्तार और नए प्लांट के लिए डॉ. शर्मा ने जो वादा किया था, उसे पूरा करने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए। इस मंजूरी से नंगल के कर्मचारियों, मजदूरों, व्यापारियों और आम जनता को नई उम्मीद मिली है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र अटवाल ने कहा कि डॉ. सुभाष शर्मा अपने वादों को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करते हैं। एनएफएल के नए प्लांट की मंजूरी उनके प्रयासों का एक महत्वपूर्ण परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना से नंगल और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा और स्थानीय बाजार को मजबूती मिलेगी।
सम्मान समारोह में डॉ. सुभाष शर्मा ने एनएफएल के विस्तार और नए प्लांट के लिए 9,000 करोड़ रुपये की मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जे.पी. नड्डा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह निवेश केवल औद्योगिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नंगल और श्री आनंदपुर साहिब के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि एनएफएल का नया प्लांट आने वाले वर्षों में क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर को बदलने की क्षमता रखता है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और व्यापारियों के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी। औद्योगिक विकास के साथ-साथ परिवहन, सेवाओं और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पंजाब में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। एनएफएल परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. शर्मा ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के कर्मचारियों, मजदूर संगठनों, व्यापारियों और जनता की सामूहिक खुशी बताते हुए सभी को बधाई दी।
इस समारोह में पार्षद रजिंदर कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमन शर्मा, हरमन प्रिंस, जिला सचिव विक्रांत परमार, विवेक शर्मा, दिनेश जोशी, मोहित शर्मा, वरिंदर विक्की, प्रदीप कोटला, अनिल शर्मा बाऊ, अलका एरी, सपना गुप्ता, जसबीर जस्सी, सुलेखा शर्मा, सुभाष चंद, करण, महेन विजे बिट्टा, राजेश शर्मा और ज्योति शर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शामिल कर्मचारियों और व्यापारियों ने एनएफएल के नए प्लांट को नंगल के औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और समृद्धि के नए अवसर विकसित होंगे और आने वाली पीढ़ियों को इसका लाभ मिलेगा।