×

ओडिशा में सड़क हादसे में पांच युवकों की जान गई

ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक भयानक सड़क हादसे में पांच युवकों की जान चली गई। शादी समारोह से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। इस दुर्घटना में केवल दो युवकों ने अपनी जान बचाई, जबकि अन्य पांच डूब गए। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य किया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
 

दर्दनाक सड़क दुर्घटना

अनुगुल : ओडिशा के ढेंकानाल जिले में बुधवार रात एक भयानक सड़क दुर्घटना में पांच युवकों की जान चली गई। एक शादी समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित गहरे तालाब में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार सात दोस्तों में से केवल दो ही बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि अन्य पांच डूब गए।


यह घटना ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के निकट हुई। जानकारी के अनुसार, मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त इंदिपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात कार से लौट रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे तालाब में गिर गई।


जैसे ही कार पानी में डूबी, उसमें सवार युवकों में चीख-पुकार मच गई। बबलू और शिबू नामक दो युवकों ने साहस दिखाते हुए कार का दरवाजा तोड़कर तैरकर बाहर निकलने में सफलता पाई। उन्होंने स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।


ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद कार को बाहर निकाला और उसमें फंसे पांच युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।


मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है।


पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की संभावना जताई जा रही है।


एक साथ पांच युवकों की मौत से बंगुरासिंह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिला अस्पताल में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।