कनाडा में भारतीय छात्रा की हत्या से समुदाय में आक्रोश
कनाडा में भारतीय छात्रा की हत्या
ओटावा- कनाडा में एक बार फिर भारतीय मूल की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुजरात की 22 वर्षीय विधि मेघा की नायग्रा क्षेत्र में चाकू से हत्या कर दी गई। इस घटना ने भारतीय समुदाय में गहरा आक्रोश और शोक पैदा कर दिया है।
मृतका विधि मेघा, जो गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की निवासी थी, उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थी। वह वहां पढ़ाई कर रही थी और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्थायी निवास (PR) की तैयारी कर रही थी।
पार्ट टाइम नौकरी के साथ पढ़ाई
परिवार के अनुसार, विधि पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम नौकरी भी कर रही थी ताकि अपने खर्चों का ध्यान रख सके। परिवार ने बताया कि वह एक मेहनती और महत्वाकांक्षी छात्रा थी, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत थी।
विधि 15 मई से अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद उसका शव कनाडा-अमेरिका सीमा के पास नायग्रा क्षेत्र से मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या की।
पुलिस जांच शुरू
कनाडाई पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और संदिग्ध की तलाश जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद कनाडा में रह रहे भारतीय छात्रों और प्रवासी समुदाय में डर और चिंता का माहौल है। वहीं, भारत में विधि के परिवार का हाल बेहाल है। परिजन केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।