☰
×

कनाडा में सैन्य अड्डे पर आग से चार सैनिकों की मौत, जांच शुरू

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक सैन्य अड्डे पर आग लगने की घटना की जानकारी दी, जिसमें चार सैनिकों की मौत हो गई और 39 अन्य घायल हुए। इस मामले की जांच के लिए 50 अधिकारियों को तैनात किया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। संसद में मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई।
 

कनाडा के सैन्य अड्डे पर आग की घटना

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोमवार को जानकारी दी कि एक सैन्य बेस पर आग लगने के कारण चार सैनिकों की जान चली गई और 39 अन्य घायल हुए हैं। इस घटना की जांच के लिए 50 अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। यह निर्णय तब लिया गया जब यह सवाल उठने लगा कि आग लगने की जानकारी होने के बावजूद सैनिकों का प्रशिक्षण क्यों जारी रखा गया।


कार्नी ने ओटावा में संसद के समक्ष कहा कि यह त्रासदी अल्बर्टा के ‘कनाडियन फोर्सेज बेस वेनराइट’ में शनिवार को हुई थी, और इसकी जांच ‘कनाडियन फोर्सेज नेशनल इन्वेस्टिगेशन सर्विस’ और ‘रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस’ के सहयोग से की जा रही है।


संसद में कार्नी के संबोधन से पहले सांसदों ने एक मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विपक्षी दलों के नेताओं ने भी दिवंगत सैनिकों को याद किया। कार्नी ने कहा, ‘‘प्रशिक्षण क्षेत्र में आग धधक रही थी। तेज हवाओं के चलते आग एक मिनट से भी कम समय में लगभग एक किलोमीटर दूर उस स्थान तक पहुंच गई, जहां सैनिक मौजूद थे।’’


उन्होंने यह भी बताया कि जांच अधिकारी अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लगा पाए हैं।