किसानों के लिए राहत: फसल नुकसान की भरपाई हेतु ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया
फसल नुकसान की भरपाई के लिए पोर्टल की शुरुआत
रेवाड़ी: किसानों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से, सरकार ने अधिक वर्षा या जलभराव के कारण फसलों में होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए एक क्षतिपूर्ति पोर्टल लॉन्च किया है। किसान अब अपनी फसल के खराब होने की जानकारी इस पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं।
जिला उपायुक्त अभिषेक मीणा ने जानकारी दी कि जिले में भारी वर्षा और जलभराव के कारण जिन गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है, वे किसान 15 सितंबर तक क्षतिपूर्ति पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला राजस्व अधिकारी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर प्राप्त दावों का विशेष गिरदावरी के माध्यम से सत्यापन करेंगे और आकलन के आधार पर मुआवजा जारी किया जाएगा। प्रभावित किसानों द्वारा दावा दर्ज करने के बाद, संबंधित राजस्व अधिकारी जैसे पटवारी, कानूनगो, सर्कल राजस्व अधिकारी, जिला राजस्व अधिकारी, उप मंडल अधिकारी (नागरिक) और उपायुक्त नुकसान का आकलन करेंगे।
अभिषेक मीणा ने किसानों से अनुरोध किया है कि जिनकी फसलों को नुकसान हुआ है, वे शीघ्रता से क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराएं ताकि फसल के नुकसान की समीक्षा कर मुआवजा प्रदान किया जा सके।