केंद्र सरकार ने प्रदूषण सर्टिफिकेट की वैधता में किया बदलाव
नई नियमावली का प्रभाव
नई दिल्ली। वायु प्रदूषण की बढ़ती समस्या के मद्देनजर, केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में बदलाव करने का निर्णय लिया है। नए नियमों के अनुसार, छह साल तक पुरानी बीएस छह मॉडल की निजी गाड़ियों का प्रदूषण सर्टिफिकेट अब तीन साल तक मान्य रहेगा। वहीं, छह साल से अधिक और 10 साल तक पुरानी गाड़ियों को हर साल सर्टिफिकेट का नवीनीकरण कराना होगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में 13 नवंबर को अधिसूचना जारी की थी। गुरुवार को राजपत्र में प्रकाशित होते ही ये नियम प्रभावी हो गए। नए नियमों में निजी और वाणिज्यिक वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट की अलग-अलग वैधता अवधि निर्धारित की गई है। ये परिवर्तन केंद्रीय मोटर वाहन कानून के तहत किए गए हैं।
नए नियमों के अनुसार, यदि मौजूदा सर्टिफिकेट की वैधता समाप्त होने से 10 दिन पहले नवीनीकरण कराया जाता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति तिथि से प्रभावी होगा। यह भी स्पष्ट किया गया है कि नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए सर्टिफिकेट पर बदली हुई वैधता अवधि पहली बार नवीनीकरण के बाद लागू होगी।