×

कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, पांच की मौत और कई घायल

कौशांबी जिले के मनौरी बाजार में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार को आग लगने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाकों की आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
 

कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में आग


कौशांबी। यूपी के कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे एक पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग लगने के तुरंत बाद फैक्टरी में रखे पटाखों में तेज धमाके होने लगे, जिनकी आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही समय में फैक्टरी से उठते धुएं ने आसपास के क्षेत्र को ढक लिया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। इस धमाके में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, पांच लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर प्रयागराज के उच्च पुलिस अधिकारी और कौशांबी के डीएम एवं एसपी भी पहुंचे हैं। घायलों को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेजा गया है।


ब्रेकिंग…
पटाखा फैक्ट्री में धमाके से दहले ग्रामीण
आग लगने के बाद होते शुरू हुए धमाके
मनौरी में घटना से मची अफरातफरी
पुलिस, फायर ब्रिगेड की पहुंची
कौशाम्बी के मनौरी में बड़ी घटना
हादसे में जनहानि की आशंका @Uppolice@ADGZonPrayagraj@igrangealld@JagranNews#प्रयागराज pic.twitter.com/UKKy1W4GIt

— तारा चंद्र गुप्त (Tara Chandra Gupta) (@TaraChandraGup6) August 31, 2026


सूत्रों के अनुसार, एक मकान में पटाखा फैक्टरी चल रही थी, जो बस्ती से थोड़ी दूर थी। घटना के समय वहां लगभग एक दर्जन लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के कारण अंदर जाना मुश्किल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान से अचानक धुआं उठने के बाद विस्फोट शुरू हुआ। मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे थे।


हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मौके पर पुलिस और राहत कार्य में जुटी दो थानों की फोर्स मौजूद है। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। डीएम डॉ. अमित पाल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को अलर्ट मोड पर रखा है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।


मनौरी बाजार में स्थित पटाखा फैक्टरी में अचानक भीषण विस्फोट हुआ। लगातार धमाकों से आसपास का क्षेत्र दहल उठा। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी आवाज तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में फैक्टरी के आसपास के 15 से अधिक मकान धराशायी हो गए। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांच से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।


धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई मकानों के शीशे टूट गए। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मकानों की ईंट और मलबा करीब 250 मीटर दूर स्थित रेलवे पुल तक जा पहुंचा। आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।


जेसीबी की मदद से मलबे में शवों की खोज की जा रही है। सूचना मिलते ही प्रयागराज और कौशाम्बी के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस और बचाव दल बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों की तलाश की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और राहत कार्य जारी है।


फैक्टरी में आग लगने और विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालना है।


कौशांबी के मनौरी में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद कई लोगों की मौत हो गई है और दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस फोर्स के अलावा सेना के जवानों को भी बुला लिया गया है। एयरफोर्स के सैनिक रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए हैं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने में लगे हैं। मनौरी में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद मौके पर एडीएम सिटी प्रयागराज के साथ एसीपी डॉ. अजय पाल शर्मा सहित कौशांबी और प्रयागराज जनपद के सभी अधिकारी मौजूद हैं और बचाव कार्य में जुट गए हैं। मनौरी में विस्फोट के बाद प्रयागराज के आईजी और एडीजी समेत तमाम अधिकारी भी पहुंच गए हैं। कौशाम्बी के डीएम और एसपी के अलावा प्रयागराज से भी कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।