खिलाड़ियों ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर जताई सहानुभूति
दिल्ली में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में छात्रों द्वारा चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शन और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कई प्रमुख खिलाड़ी सामने आए हैं। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, शिखर धवन और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा ने छात्रों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की है। उन्होंने शांति, धैर्य और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के कथित बल प्रयोग के संबंध में केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। अदालत ने पुलिस कार्रवाई से संबंधित सभी रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो को सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया है.
शिखर धवन का संदेश
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर अपनी राय साझा की। उन्होंने लिखा कि युवाओं के सपनों को समझना अत्यंत आवश्यक है। कठिन समय में धैर्य बनाए रखना और संस्थाओं तथा सरकार पर विश्वास रखना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान धैर्य और संवाद से निकलता है, और भारत हमेशा आगे बढ़ता रहेगा।
युवराज सिंह की शांति की अपील
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी छात्रों और युवाओं के लिए एक संदेश साझा किया। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि हर व्यक्ति को सुरक्षित माहौल में पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। हमें एक ऐसा समाज बनाना चाहिए जहां अवसर, उम्मीद और सहयोग हो, और बातचीत के माध्यम से देश के भविष्य के हित में समाधान निकाला जाए।
अभिनव बिंद्रा की राय
भारत के लिए ओलंपिक में पहला व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाले अभिनव बिंद्रा ने शिक्षा व्यवस्था पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वह खुद को राजनीतिक व्यक्ति नहीं मानते, लेकिन शिक्षा एक ऐसा मुद्दा है जो सभी का है। बिंद्रा ने कहा कि किसी भी देश की असली ताकत उसकी अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि युवाओं को दिए जाने वाले अवसर होते हैं। एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था जो विश्वास पैदा करे, प्रतिभा को सम्मान दे और जिज्ञासा को बढ़ावा दे, वही देश की सबसे बड़ी ताकत होती है।