गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ
विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ आयोजित किया जाएगा। रूपाणी एयर इंडिया की फ्लाइट 171 में सवार थे, जो गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह फ्लाइट सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भर रही थी। इस हादसे में ब्रिटिश नागरिक विश्वाश कुमार रमेश को छोड़कर सभी यात्रियों की जलकर मौत हो गई।
एयर इंडिया विमान दुर्घटना के तीन दिन बाद, रविवार को रूपाणी के शव की पहचान की गई। शवों की पहचान के लिए डीएनए नमूनों का उपयोग किया गया। आज राजकोट में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। भाजपा नेता की याद में एक दिन का राजकीय शोक भी मनाया जाएगा।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के लिए '1206' नंबर हमेशा से खास रहा है। यह नंबर उनके सार्वजनिक और निजी जीवन में एक स्थायी पहचान बन गया था। यह उनके वाहनों की नंबर प्लेट पर अंकित था, चाहे वह उनके शुरुआती दिनों का स्कूटर हो या मुख्यमंत्री की आधिकारिक कार। 12 जून 2025 को यह संख्या उनके निधन का दिन बन गई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी विजय रूपाणी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वह पहले रूपाणी के आवास पर श्रद्धांजलि देंगे और फिर दोपहर 3 बजे राजकोट पहुंचेंगे। वह रामनाथ श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार में भी उपस्थित रहेंगे.