गौर बिजनेस पार्क में भीषण आग, दमकल ने किया काबू
गाजियाबाद में आग की भीषण घटना
गाजियाबाद के गौर बिजनेस पार्क में आग लगने की घटना बुधवार रात को इंदिरापुरम में हुई, जहां आग की लपटें लगभग पांच किलोमीटर दूर से देखी जा सकती थीं। इस दौरान खोड़ा क्षेत्र में एक दुकान और एक मकान में भी आग लगने की सूचना मिली, जिससे फायर विभाग में हड़कंप मच गया। आग गौर बिजनेस पार्क के मीटर रूम से शुरू हुई और तेजी से पूरे भवन में फैल गई, जिससे पूरा परिसर धुएं से भर गया।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि इस इमारत में नीचे कमर्शियल दुकानें और ऊपर ऑफिस हैं, और घटना के समय सभी ऑफिस बंद थे। फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कई जगह दीवारें तोड़कर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने ए और बी सेट पहनकर धुएं के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
आग की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भेजी गईं। नोएडा से वाटर बाउजर और आर्टिकुलेटिंग टावर भी मंगाए गए। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद, 12 दमकल गाड़ियों और 50 से अधिक फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली की केबल में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।