ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में आग, दो फायरकर्मियों की मौत
भीषण आग की घटना
नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में स्थित ILGIM कंपनी, जो इलेक्ट्रॉनिक चिप्स का निर्माण करती है, में सोमवार रात को एक गंभीर आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। राहत कार्य के दौरान, कंपनी की एक दीवार और एक भारी लोहे का बीम अचानक गिर गया, जिससे 5 फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर, डॉक्टरों ने दो फायरमैन को मृत घोषित कर दिया। CFO प्रदीप कुमार चौबे ने यह जानकारी दी।
आग की लपटें 3 और 4 अगस्त की रात अचानक उठने लगीं, और देखते ही देखते यह विकराल रूप धारण कर गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
2 FIREFIGHTERS KILLED IN GREATER NOIDA FACTORY FIRE
Fire at an electronic chip factory in Greater Noida turned deadly after a wall and beam collapsed on a fire engine during the rescue operation, killing two firefighters and injuring three others pic.twitter.com/F9oQUOghEC
— The Tatva (@thetatvaindia) August 4, 2026
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन इस दौरान दीवार और बीम गिरने से 5 फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर है। घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और SDRF की टीम मौजूद हैं, जो मलबे की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
ग्रेटर नोएडा में इस घटना पर डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर टेंडर की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान दीवार और बीम गिरने से फायरकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी तीन की हालत अब खतरे से बाहर है।