चंडीगढ़ में बारिश के बाद जलभराव पर AAP का प्रदर्शन, मेयर के इस्तीफे की मांग
चंडीगढ़ में जलभराव के खिलाफ प्रदर्शन
चंडीगढ़: हाल ही में चंडीगढ़ में हुई भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव और सड़कों की खराब स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने नगर निगम की बैठक से पहले जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में कागज की नावें लेकर मेयर के इस्तीफे की मांग की।
आप के पार्षदों ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व में नगर निगम के कार्यकाल के दौरान शहर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। उनका कहना था कि मानसून से पहले नालों और पाइपों की सफाई का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन सफाई के दौरान निकले कचरे का उचित प्रबंधन नहीं किया गया। इसके परिणामस्वरूप बारिश के दौरान कचरा फिर से पाइपों और ड्रेनेज सिस्टम में चला गया, जिससे पानी की निकासी में बाधा आई।
पार्षदों ने कहा कि बारिश के बाद चंडीगढ़ की सड़कों पर पानी जमा होने से शहर की व्यवस्था की पोल खुल गई। कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति इतनी खराब हो गई कि चंडीगढ़ गांव जैसा नजर आने लगा।
प्रदर्शन के दौरान जब आप कार्यकर्ता और पार्षद नगर निगम कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तब चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस ने कुछ पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। आप नेताओं ने नगर निगम से शहर की जल निकासी और सफाई व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की।