चीन के किंगदाओ में जहाज में आग लगने से 20 लोगों की मौत
किंगदाओ में जहाज में आग की घटना
(केजेएम वर्मा) बीजिंग, 10 सितंबर - चीन के पूर्वी बंदरगाह शहर किंगदाओ में एक विदेशी झंडे वाले मालवाहक जहाज में बृहस्पतिवार को आग लगने से कम से कम 20 लोगों की जान चली गई। सरकारी प्रसारक ‘सीसीटीवी’ के अनुसार, यह आग सरकारी स्वामित्व वाले किंगदाओ बेहाई शिपयार्ड में पूर्वाह्न लगभग 11:15 बजे लगी। हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने बताया कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बचाव कार्यों को तेज करने के लिए निर्देश दिए हैं।
शी चिनफिंग के निर्देश
रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन में किसी भी दुर्घटना के बाद शीर्ष नेतृत्व द्वारा इस तरह के निर्देश जारी करना असामान्य है। चिनफिंग ने आग लगने के कारणों की त्वरित जांच और पीड़ितों को तात्कालिक सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों और संबंधित विभागों को इस घटना से सीख लेकर निवारक उपायों को मजबूत करना चाहिए और जानमाल की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।
घटना का विवरण
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ द्वारा जारी की गई एक तस्वीर के अनुसार, यह आग लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक पोत ‘ओशन मेलोडी’ में लगी। ‘मरीन ट्रैफिक’ वेबसाइट के अनुसार, यह जहाज किंगदाओ में खड़ा है। ‘सीसीटीवी’ की रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रधानमंत्री ली कियांग ने आपातकालीन दलों को निर्देश दिया है कि वे फंसे हुए लोगों को बचाने, घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान करने और भविष्य में ऐसे हादसों से बचने पर ध्यान केंद्रित करें।
किंगदाओ बेहाई शिपयार्ड
किंगदाओ बेहाई शिपयार्ड, ‘चीन स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन’ द्वारा प्रबंधित एक प्रमुख जहाज निर्माण केंद्र है। यह वाणिज्यिक जहाज निर्माण, जहाजों की मरम्मत और समुद्री इंजीनियरिंग में विशेषज्ञता रखता है। ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ के अनुसार, यह शिपयार्ड नौ किलोमीटर लंबे समुद्री तट पर 330 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है।