चुनाव आयोग में उठे विवाद के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यक्रम रद्द
मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यक्रमों में बदलाव
नई दिल्ली। तीन दिन पहले अंग्रेजी समाचार पत्र 'द इंडियन एक्सप्रेस' द्वारा किए गए खुलासे के बाद से मुख्य चुनाव आयुक्त या अन्य चुनाव आयुक्तों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने एक नोट जारी किया है, लेकिन जिन दो चुनाव आयुक्तों की 14 आपत्तियों का उल्लेख किया गया है, उन्होंने न तो इस रिपोर्ट का खंडन किया है और न ही इसकी पुष्टि की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में 14 बार आपत्तियां दर्ज की थीं और मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
इस बीच, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यक्रमों को लेकर भी बदलाव किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में उनके दो कार्यक्रम, जो पहले से निर्धारित थे, अब रद्द कर दिए गए हैं। एक कार्यक्रम 25 सितंबर को मेरठ में और दूसरा 28 सितंबर को वाराणसी में होना था। चुनाव आयोग ने कहा है कि इन कार्यक्रमों को 21 सितंबर को ही स्थगित किया गया था और इसका मौजूदा विवाद से कोई संबंध नहीं है।