जियो के 10 साल पूरे होने पर ब्रांड्स ने दी अनोखी बधाई
जियो का 10वां जन्मदिन: ब्रांड्स की अनोखी बधाई
मुंबई। 8 सितंबर, 2026 को जियो ने अपने 10 साल पूरे किए, और इस मौके पर सोशल मीडिया पर कई प्रमुख ब्रांड्स ने बधाई देने के लिए अपनी-अपनी शैली में प्रतिक्रिया दी। यह सिर्फ एक साधारण 'हैप्पी बर्थडे' कहने का मामला नहीं था। कुछ ब्रांड्स ने लौकी भेजी, कुछ ने केक भेजा, और क्रिकेट टीमों ने इस अवसर को एक लंबी इनिंग्स में बदल दिया। टेक्नोलॉजी, OTT, फूड डिलीवरी, पेमेंट और क्रिकेट जैसे क्षेत्रों के कई बड़े नामों ने जियो को बधाई दी।
इसमें प्राइम वीडियो की एंट्री सबसे मजेदार रही। उन्होंने 'पंचायत' के प्रधान जी के अंदाज में लिखा, “लौकी नहीं लाए हैं... लेकिन 10 साल की शुभकामनाएं जरूर लाए हैं।” जियो ने भी जवाब दिया, “Wishes accepted. Lauki optional.” नेटफ्लिक्स ने भी अपने अंदाज में 10 साल पुरानी दोस्ती को याद किया, लिखा, “Skip intro, we’ve known each other for 10 years।” जियो ने इसे '10 seasons' में बदलते हुए कहा, “Tudum! 10 seasons of being connected।” वनप्लस ने खुद को जियो का 'Plus One' बताया।
जियो के जन्मदिन पर खाने-पीने की जिम्मेदारी Zomato ने ली, जिसने लिखा, “sending cake,” और जियो ने जवाब दिया, “Now that was quick.” वहीं, Swiggy ने सीधा पूछा, “10 years already? bhai, party?” जियो ने कहा, “Bhai, ab toh scene on hai।” इस तरह, जश्न पूरी तरह से सोशल मीडिया पर छा गया। जब क्रिकेट की बात आई, तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने इसे “Besh bhalo innings” कहा, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने लिखा, “Delhi se hai, toh dil se hai।” पंजाब किंग्स ने इसे 'King-sized innings' बताया, और राजस्थान रॉयल्स ने 'Halla Bol' किया। RCB ने 10 साल को 'playing bold, breaking barriers and setting benchmarks' से जोड़ा।
दिलचस्प यह है कि जश्न केवल उपभोक्ता ब्रांड्स तक सीमित नहीं रहा। सैमसंग नेटवर्क्स, सिस्को, एरिक्सन, क्वालकॉम और HFCL जैसे तकनीकी नाम भी इस बातचीत में शामिल हुए। स्मार्टफोन ब्रांड्स जैसे शाओमी, ओप्पो, वीवो और मोटोरोला के साथ-साथ पेटीएम, फोनपे और मोबिक्विक जैसे पेमेंट प्लेटफॉर्म ने भी अपने-अपने तरीके से 10 साल की कहानी साझा की। इन सभी पोस्ट्स की खास बात यह थी कि बधाई देते समय ब्रांड्स ने अपनी पहचान को बनाए रखा। प्राइम वीडियो ने अपना किरदार निभाया, नेटफ्लिक्स ने अपनी भाषा का इस्तेमाल किया, फूड ऐप्स ने पार्टी और केक का जिक्र किया, और ट्रैवल कंपनियों ने सफर की बात की। अब कंपनियां केवल कॉरपोरेट संदेश नहीं देतीं, बल्कि अपने ब्रांड की पहचान के साथ संवाद करती हैं।