झांसी में सड़क दुर्घटना में अतीक अहमद के बेटे की मौत
सड़क हादसे में दो लोगों की जान गई
झांसी। अतीक अहमद के बेटे आबान सहित दो व्यक्तियों की सड़क दुर्घटना में जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। झांसी के थाना पूंछ क्षेत्र में उनकी कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई। अली को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज के नैनी जेल से झांसी जेल में स्थानांतरित किया गया था, तब से वह वहीं बंद हैं।
कार में सवार लोग प्रयागराज के फटवा क्षेत्र के निवासी थे, जिनमें 28 वर्षीय अहजम, 30 वर्षीय मोहम्मद जैद, 24 वर्षीय उमर, आबान अहमद और सोनू खान शामिल थे। जब उनकी तेज रफ्तार कार खिल्ली गांव के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, तो टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में अतीक अहमद के बेटे आबान और सोनू खान की मृत्यु हो गई। अन्य तीन घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।