झारखंड लोक सेवा आयोग में इस्तीफों की लहर, छात्र आंदोलन के बीच जांच जारी
रांची में झारखंड लोक सेवा आयोग की अनियमितताओं की जांच
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और ओएमआर शीट में हेराफेरी के मामले की जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। छात्र आंदोलन के बीच, आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के इस्तीफे के बाद, अब JPSC के तीन सदस्यों, अजीता भट्टाचार्य, जमील अहमद और अनिमा हांसदा ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इन तीनों ने अपना इस्तीफा राज्यपाल संतोष गंगवार को सौंपा, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। यह घटनाक्रम तब हुआ है जब परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर छात्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
इन सदस्यों को झारखंड पुलिस की सीआईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा था, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। सोमवार को डॉ. अजिता भट्टाचार्य से सीआईडी द्वारा पूछताछ की जाएगी।
सीआईडी की जांच और समन
जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा और अन्य परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली, ओएमआर शीट में छेड़छाड़ और अयोग्य अभ्यर्थियों को पास कराने के आरोपों की जांच सीआईडी कर रही है। इसी संदर्भ में, सीआईडी ने आयोग की तीनों सदस्यों को अलग-अलग तारीखों पर पूछताछ के लिए बुलाया है।
अध्यक्ष का इस्तीफा
इससे पहले, जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते ने सीआईडी की छापेमारी के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद से आयोग पहले से ही कार्यवाहक स्थिति में था। खियांग्ते के आवास के कंप्यूटर ऑपरेटर को रिमांड पर लेकर सीआईडी पूछताछ कर रही है। खियांग्ते से भी दो बार सीआईडी कार्यालय में पूछताछ की जा चुकी है।
बड़ी कार्रवाई की तैयारी
इस परीक्षा घोटाले में शामिल विवादित एजेंसी 'टीडीपीएल' (TDPL) के निदेशक, मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी और कई अन्य दलाल पहले ही सीआईडी की गिरफ्त में आ चुके हैं। टीडीपीएल के मैनेजर ने पूर्व चेयरमैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रिमांड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं, जिसके आधार पर अब आयोग के शीर्ष अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है। नियुक्ति प्रक्रिया और ओएमआर में गड़बड़ी के पुख्ता साक्ष्यों के बीच सदस्यों के अचानक इस्तीफे ने झारखंड की इस संवैधानिक संस्था की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।