तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय का लंदन कार्यक्रम सुरक्षा कारणों से रद्द
लंदन में प्रशंसकों की भीड़
(अदिति खन्ना) लंदन, 15 सितंबर - तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को देखने के लिए सैकड़ों प्रशंसक मंगलवार को लंदन की प्रसिद्ध इमारत ‘द शार्ड’ के बाहर एकत्र हुए। लेकिन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम को रद्द कर दिया। विजय की टीम के एक सदस्य ने लाउडस्पीकर पर घोषणा की, “सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, हम इस कार्यक्रम को रद्द कर रहे हैं।
हमें इस आयोजन की अनुमति नहीं मिली है।” कार्यक्रम स्थल पर विजय को देखने के लिए कई घंटे से इंतजार कर रहे एक प्रशंसक ने कहा, “यह ठीक है, लेकिन हम सभी कई घंटों से यहां खड़े हैं। यह भीड़ वैसी नहीं है, जैसी हम तमिलनाडु में देखते हैं।”
विजय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में ब्रिटेन में है, जिसका उद्देश्य तमिलनाडु में निवेश को आकर्षित करना है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने लगभग 12,300 करोड़ रुपये के निवेश के लिए कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जो राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उत्पन्न करेंगे।
विजय का कार्यक्रम है कि वह बुधवार को ब्रिटेन से भारत लौटेंगे।