तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 18 लोगों की जान गई
विस्फोट में कई श्रमिक मलबे में फंसे
विरुधुनगर: तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी में वनजा पटाखा फैक्ट्री में रविवार को एक भयंकर विस्फोट हुआ। इस घटना में 18 लोगों की मृत्यु हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की और मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस के अनुसार, जब यह हादसा हुआ, तब फैक्ट्री में लगभग 30 श्रमिक काम कर रहे थे। इनमें से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं, जो 60 प्रतिशत तक जल गई हैं। कई श्रमिकों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
रेस्क्यू टीमें आग बुझाने और मलबा हटाने में जुटी
दमकल और रेस्क्यू टीमें कई घंटों से आग बुझाने और मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। विस्फोट के बाद पटाखों के फटने की आवाजें भी सुनाई देती रहीं, जिससे बचाव कार्य में बाधा आई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोट फैक्ट्री के सामने वाले हिस्से में हुआ, जहां श्रमिक कच्चे माल के साथ काम कर रहे थे।