त्यौहारी सीजन के लिए एनएफआर द्वारा अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन
त्यौहारी यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेन सेवाएं
मालीगांव: आगामी पूजा, दिवाली और छठ त्यौहार के अवसर पर, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने मौजूदा स्पेशल ट्रेन सेवाओं को जारी रखने के साथ-साथ अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये सेवाएं यात्रियों के लिए सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी और त्यौहारी अवधि के दौरान कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी। इन स्पेशल ट्रेनों में सिकंदराबाद - नाहरलगुन, सांतरागाछी - नाहरलगुन, हावड़ा - लामडिंग और कोलकाता - न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। ये सेवाएं पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
ट्रेन संख्या 07046 (सिकंदराबाद - नाहरलगुन) स्पेशल 02 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को 08:30 बजे सिकंदराबाद से रवाना होकर रविवार को 16:00 बजे नाहरलगुन पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 07047 (नाहरलगुन - सिकंदराबाद) स्पेशल 05 अक्टूबर से 02 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को 13:00 बजे नाहरलगुन से चलकर बुधवार को 21:50 बजे सिकंदराबाद पहुंचेगी। यह सेवा मौजूदा परिचालन समय, ठहराव और कोच संयोजन के अनुसार दोनों दिशाओं में 5-5 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी।
ट्रेन संख्या 08047 (सांतरागाछी - नाहरलगुन) स्पेशल 02 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को 18:00 बजे सांतरागाछी से रवाना होकर शनिवार को 20:50 बजे नाहरलगुन पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 08048 (नाहरलगुन - सांतरागाछी) स्पेशल 03 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को 23:55 बजे नाहरलगुन से चलकर सोमवार को 04:15 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी। यह सेवा दोनों दिशाओं में 9-9 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 03005 (हावड़ा - लामडिंग) स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को 07:15 बजे हावड़ा से रवाना होकर शनिवार को 08:00 बजे लामडिंग पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 03006 (लामडिंग - हावड़ा) स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को 11:00 बजे लामडिंग से चलकर रविवार को 12:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह सेवा दोनों दिशाओं में 7-7 अतिरिक्त फेरों के लिए चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव बैण्डेल, कटवा, जंगीपुर रोड, मालदा टाउन, न्यू जलपाईगुड़ी, कामाख्या, होजाई सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा।
ट्रेन संख्या 03129 (कोलकाता - न्यू जलपाईगुड़ी) स्पेशल 17 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को 23:10 बजे कोलकाता से रवाना होकर क्रमशः रविवार और सोमवार को 10:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 03130 (न्यू जलपाईगुड़ी - कोलकाता) स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और सोमवार को 12:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से चलकर क्रमशः सोमवार और मंगलवार को 00:40 बजे कोलकाता पहुंचेगी। यह सेवा दोनों दिशाओं में 14-14 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित होगी। इस ट्रेन का ठहराव नैहाटी, नवद्वीप धाम, आजिमगंज, न्यू फरक्का, बारसोई और किशनगंज सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा।
इन स्पेशल ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी का विवरण आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है और पू. सी. रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों तथा विभिन्न समाचार पत्रों पर भी अधिसूचित किया जा रहा है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले विवरणों की जांच कर लें।