दिल्ली-एनसीआर में मौसम में अचानक बदलाव, येलो अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
नई दिल्ली - भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 4 और 5 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया। दोपहर के समय आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे कई क्षेत्रों में दिन में ही अंधेरा सा हो गया। तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया।
सड़कों पर चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 जून को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी थी कि पूर्वाह्न और दोपहर के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में हवाओं की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे पेड़ों की शाखाएं हिलने लगीं और यातायात प्रभावित हुआ।
आईएमडी के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। विभाग ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि दिनभर गरज-चमक, बिजली गिरने की संभावना और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। येलो अलर्ट के दूसरे दिन, यानी 5 जून के लिए भी मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह, पूर्वाह्न और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है। 6 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 7 जून को मौसम साफ रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। गुरुवार को आए तेज तूफान और बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं। कई स्थानों पर वाहन चालकों को कम दृश्यता और तेज हवाओं के कारण सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। येलो अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां भी सतर्क हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक मौसम की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की आवश्यकता है और लोगों को समय-समय पर जारी होने वाली मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करना चाहिए।