×

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव, गर्मी से राहत की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव आ रहा है, जिससे गर्मी से राहत की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अगले चार दिनों तक मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलेगी। जानें आगामी दिनों का तापमान और वायु गुणवत्ता के बारे में।
 

दिल्ली में मौसम का मिजाज

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने 13 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज हवाओं, गरज-चमक, आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।


मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलेगी। 13 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 14 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।


मौसम विभाग ने 14 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक की संभावना जताई है। 15 जून को तापमान 39/25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि 16 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी बादलों के बीच गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।


17 और 18 जून को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन दिनों में मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। मौसम में आए इस बदलाव का सकारात्मक प्रभाव वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिल रहा है।


केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण तंत्र के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-नोएडा के अधिकांश मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई ग्रीन और संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया है। दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों में अलीपुर 61, आनंद विहार 100, अशोक विहार 80, बवाना 92, बुराड़ी क्रॉसिंग 78, कैंटोनमेंट एरिया 71, चांदनी चौक 85, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 67, सीआरआरआई मथुरा रोड 71 और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज 54 एक्यूआई दर्ज किया गया।


नोएडा के चारों सक्रिय स्टेशनों पर भी वायु गुणवत्ता बेहतर रही। सेक्टर-125 में एक्यूआई 73, सेक्टर-62 में 72, सेक्टर-1 में 81 और सेक्टर-116 में 73 दर्ज किया गया। ये सभी आंकड़े संतोषजनक श्रेणी में हैं।


बारिश, तेज हवाओं और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण प्रदूषण के स्तर में उल्लेखनीय गिरावट आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि एनसीआर के अधिकांश क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता सामान्य से बेहतर है, जिससे लोगों को पहाड़ी इलाकों जैसी स्वच्छ हवा का अनुभव हो रहा है।


मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। एनसीआर के निवासियों को गर्मी और लू से राहत मिलने की पूरी संभावना है। हालांकि, विभाग ने लोगों को गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।