दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया
जनसुनवाई में नागरिकों से संवाद
सरकार का दरवाजा जनता के लिए हमेशा खुला है, यही हमारी कार्यसंस्कृति: सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का दरवाजा हमेशा जनता के लिए खुला रहना चाहिए। नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि उनकी बातों को संवेदनशीलता से सुना जा सके और उन्हें समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। यही वर्तमान दिल्ली सरकार की कार्यसंस्कृति है।
मुख्यमंत्री ने समस्याओं का लिया संज्ञान
जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, लंबित पुरस्कार राशि, जलभराव, सीवर, विद्युत सुरक्षा, सफाई, अवैध निर्माण और कनेक्शन जैसी कई समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता से कार्रवाई करने पर जोर दिया।
लंबित मामलों का समाधान प्राथमिकता
कुछ नागरिकों ने बताया कि वे पहले भी संबंधित विभागों में शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन लंबे समय तक समाधान नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा की जाए और जहां आवश्यक हो, वहां प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उन्हें समाधान तक पहुंचाना है।
महिलाओं का उत्साह और नागरिकों का स्नेह
जनसुनवाई के दौरान दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अभिवादन करते हुए योजना के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। एक सितंबर से पात्र महिलाओं को दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 2,500 रुपये की पहली किस्त जारी होने की खुशी भी महिलाओं में देखने को मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कुछ नागरिक अपने हाथों से तैयार किए गए लड्डू गोपाल भी मुख्यमंत्री को भेंट करने आए और जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।