दिल्ली के कनॉट प्लेस में दुकानों को बंद करने का आदेश
दिल्ली में दुकानों के बंद होने का निर्देश
दिल्ली: नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने घोषणा की है कि कनॉट प्लेस में सभी दुकानों और व्यवसायों को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद करने का आदेश दिया गया है। यह निर्णय NEET UG परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के कारण सेंट्रल दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए लिया गया है। एनडीटीए ने सभी व्यापारियों से अनुरोध किया है कि वे इस निर्देश का पालन करें ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और संपत्ति या व्यक्तियों को नुकसान न पहुंचे।
एनडीटीए के बयान में कहा गया है कि NDMC के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह पर, और CP (कनॉट प्लेस) के आसपास की गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए, यह सख्ती से सलाह दी जाती है कि नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में सभी दुकानें और व्यवसाय (जिसमें ऑफिस और रेस्टोरेंट भी शामिल हैं) आज, यानी 23.07.2026 को शाम 6:30 बजे तक बंद कर दिए जाएं।
दिल्ली में नीट पेपर लीक के चलते चल रहे प्रदर्शनों के बीच, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के संदर्भ में दिल्ली पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के लिए उसे एनएसए के तहत कोई नई शक्ति नहीं दी गई है। यह आदेश एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसे हर तीन महीने में नवीनीकरण किया जाता है।
दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) ने 15 जुलाई को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए), 1980 की धारा 3(3) के तहत एक आदेश जारी किया था। इस आदेश के अनुसार, 19 जुलाई से 18 अक्टूबर तक दिल्ली पुलिस आयुक्त को एनएसए के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करने का अधिकार दिया गया है।
इस अवधि के दौरान, यदि राष्ट्रीय सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था के हित में आवश्यक समझा जाए, तो दिल्ली पुलिस आयुक्त एनएसए की धारा 3(2) के तहत किसी व्यक्ति के खिलाफ निवारक हिरासत का आदेश जारी कर सकते हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कोई नया आदेश नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था लंबे समय से लागू है और इसे हर तीन महीने में नियमित रूप से बढ़ाया जाता है।