दिल्ली में AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी
यूथ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी का मामला
नई दिल्ली : भारत मंडपम में आयोजित AI समिट के दौरान चार भारतीय यूथ कांग्रेस नेताओं को उनके विरोध प्रदर्शन के कारण गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिंह यादव के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने इनकी 5 दिन की कस्टडी की मांग की है, और कोर्ट का आदेश अभी सुरक्षित है।
पटियाला हाउस कोर्ट ने जांच अधिकारी से पूछा कि उन्हें पांच दिन की कस्टडी की आवश्यकता क्यों है। जांच अधिकारी ने कहा कि मामला गंभीर है, अन्य आरोपी मौके से भाग गए हैं, और सही जांच के लिए कस्टडी आवश्यक है। आरोपी के वकील ने कहा कि उनके पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जो यह साबित करे कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण नहीं था। अर्नेश कुमार की गाइडलाइंस का पालन नहीं किया गया। अभियोजन पक्ष ने जमानत याचिका का विरोध किया।
दिल्ली पुलिस ने रिमांड की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों ने नेपाल में हुए विरोध प्रदर्शन के समान ही प्रदर्शन किया था। यह एक साजिश थी जिससे देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम किया जा सके। कस्टडी और जमानत याचिका पर आदेश सुरक्षित है।
गौरतलब है कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भारत मंडपम में प्रदर्शन करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ 'PM is Compromised' के नारे लगाए। जब यह विरोध प्रदर्शन हुआ, उस समय समिट में कई प्रमुख देश-विदेश के प्रतिनिधि उपस्थित थे। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अचानक बैनर और पोस्टर लेकर मुख्य हॉल के पास पहुंच गए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और परिसर से बाहर निकाला।