दिल्ली में एटीएम ठगी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी, 3 कार्ड बरामद
एटीएम ठगी के आरोपी की गिरफ्तारी
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार पुलिस ने एटीएम में ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों का ध्यान भटकाकर उनके एटीएम कार्ड को बदल देता था और फिर उनके खातों से पैसे निकाल लेता था। पुलिस ने उसके पास से तीन एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्वी जिला राजीव कुमार के अनुसार, आरोपी की पहचान आसिफ (30) के रूप में हुई है, जो लोनी, गाजियाबाद का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से ही छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
17 सितंबर को सुबह 11:15 बजे, शिकायतकर्ता मो. गालिब हुसैन त्रिलोकपुरी स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने गए थे। उसी समय, दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे बातचीत शुरू की और उनका ध्यान भटकाया, जिससे उन्होंने उनका एटीएम पिन देख लिया। फिर धोखे से उनका कार्ड बदलकर एक समान दिखने वाला दूसरा कार्ड दे दिया। जब गालिब को शक हुआ और उन्होंने कार्ड की जांच की, तो वह उनका नहीं था।
शिकायतकर्ता ने आस-पास के एटीएम बूथों पर तलाश शुरू की और त्रिलोकपुरी में ही एक्सिस बैंक के दूसरे एटीएम पर उन्हीं संदिग्धों को देखा। जब उनका सामना हुआ, तो दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक आरोपी आसिफ को पकड़ लिया गया। इस मामले में मयूर विहार थाने में एफआईआर नंबर 416/2026 दर्ज की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर खासकर उन लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें एटीएम चलाने में कठिनाई होती थी। वह एटीएम बूथ के अंदर बातचीत में उलझाकर उनका पिन देख लेता था और फिर कार्ड बदल देता था। बाद में उस कार्ड से अवैध लेन-देन करता था। पुलिस ने बताया कि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
यह कार्रवाई मयूर विहार के एसीपी की देखरेख और एसएचओ इंस्पेक्टर दिनेश मोरल के निर्देशन में की गई। पुलिस अब अन्य पीड़ितों की पहचान, वित्तीय लेनदेन और इसी तरह के अन्य मामलों से इसके संबंध की जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले से ही कृष्णा नगर, मानसरोवर पार्क, बुराड़ी, साइबर नॉर्थ-ईस्ट, जगतपुरी और हर्ष विहार थानों में मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से दो मामलों का खुलासा हुआ है, जिसमें मयूर विहार का मामला और पीआईए पुलिस स्टेशन की एक ई-एफआईआर शामिल है।