दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन
दिल्ली में रक्तदान शिविर का आयोजन
नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली सरकार ने गुरुवार को त्यागराज स्टेडियम में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर स्वयं रक्तदान किया और दिल्लीवासियों से मानवता की सेवा में आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के समर्पित सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेते हुए, इस अभियान के माध्यम से दिल्ली में सेवा और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मानवता, करुणा और आत्मीयता के बंधन को मजबूत करने का एक संकल्प है। शिविर में कुल 2,080 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रक्तदान एक महादान है और किसी जरूरतमंद का जीवन बचाना सबसे बड़ा सेवा कार्य है। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए, यह संकल्प सभी को निरंतर सेवा के लिए प्रेरित करता है। दिल्ली की जनता ने इस सेवा भावना के साथ पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया और मानवता की सेवा के इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दिया।
‘सेवा संकल्प’ में दिखी ‘टीम दिल्ली’ की भागीदारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर नागरिकों की ओर से सेवा और सहयोग का यह संकल्प एक महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने उन नागरिकों से अपील की जो आज रक्तदान नहीं कर पाए, कि वे भविष्य में स्वैच्छिक रक्तदान करें और इस अभियान का हिस्सा बनें। रक्तदान केवल जीवनदान नहीं है, बल्कि यह मानवता और राष्ट्र के प्रति हमारा पावन कर्तव्य है। उन्होंने सेवा के इस संकल्प में सहभागी बन रही पूरी ‘टीम दिल्ली’ को नमन किया और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।
जनभागीदारी व जनसेवा की भावना
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा और जनभागीदारी की भावना के साथ आज दिल्ली में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री जी की जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर दिल्ली के हजारों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान में भाग लिया। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने स्वयं रक्तदान कर इस अभियान का नेतृत्व किया और दिल्लीवासियों को इस नेक कार्य के लिए आगे आने का संदेश दिया।