दिल्ली में शुरू होगा भारतीय साहित्यिक और सांस्कृतिक उत्सव 'दिल्ली शब्दोत्सव 2026'
दिल्ली शब्दोत्सव 2026 का आगाज
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार से तीन दिवसीय भारतीय साहित्यिक और सांस्कृतिक उत्सव 'दिल्ली शब्दोत्सव 2026' का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव में देशभर के एक सौ से अधिक लेखक, फिल्म निर्माता, विचारक, पत्रकार, विधि विशेषज्ञ और युवा प्रेरणास्रोत भाग लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में तीन मंचों पर होगा, जहां निरंतर संवाद और प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने इस कार्यक्रम के बारे में शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी, जिसमें उन्होंने कहा, 'जिहादी और नक्सली वैचारिक आतंकवाद पर आज सर्जिकल स्ट्राइक होगी। दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में देश का सबसे बड़ा 'लिट फेस्ट' आज से शुरू हो रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस शब्दोत्सव का उद्घाटन करेंगी।'
इस उत्सव में 100 से अधिक प्रमुख वक्ता शामिल होंगे, जिनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सुनील आंबेकर, मनमोहन वैद्य और सच्चिदानंद जोशी शामिल हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान 40 से अधिक किताबों का विमोचन, छह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और दो कवि सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, संगीतमय संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें भारत के विभिन्न क्षेत्रों की मधुर धुनें सुनाई देंगी। युवाओं के लिए 'ओपन माइक' का आयोजन किया जाएगा, जहां किताबों पर चर्चाएं होंगी और देशभर के स्वादों से सजा एक शानदार फूड कोर्ट भी उत्सव का हिस्सा रहेगा।
'शब्दोत्सव' केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह भारत के अभ्युदय की जीवंत झलक है, जहां पाठक, परिवार, विद्यार्थी, रचनाकार और संस्कृति प्रेमी आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत से जुड़ाव महसूस करते हैं। 'दिल्ली शब्दोत्सव 2026' वह मंच है, जहां भारत की कहानियां, गीत और विचार जीवंत होते हैं। यह तीन दिन का उत्सव 'भारत अभ्युदय' की भावना को समर्पित है, जो हमारी प्राचीन सभ्यता से जुड़े नए भारत, उसके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को दर्शाता है।