दिल्ली में ‘मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम’ का शुभारंभ, 90,000 बच्चों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पोषण पर जोर
पोषित बचपन से विकसित भारत की नींव: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
दिल्ली सरकार का लक्ष्य, हर दिन एक लाख जरूरतमंदों को मिले सम्मानजनक भोजन: सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों के चेहरे की मुस्कान यह दर्शाती है कि पोषण केवल भोजन नहीं, बल्कि भविष्य के निर्माण का आधार है। यह सेवा का संकल्प देश की उस सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाता है, जिसमें अन्नदान को सर्वोच्च पुण्य माना गया है।
मुख्यमंत्री ने संस्था को धन्यवाद देते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस महत्वपूर्ण कार्य में पूरी तरह से संस्था के साथ खड़ी है। मिड-डे मील योजना ने लाखों बच्चों को विद्यालय से जोड़ा है और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए ‘मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम’ बच्चों को दिन की शुरुआत से ही ऊर्जा और पोषण प्रदान करेगा, जिससे वे पढ़ाई, खेल और अन्य गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अक्षय पात्र फाउंडेशन दिल्ली सरकार के लगभग 200 विद्यालयों के साथ मिलकर करीब 90,000 बच्चों को भोजन उपलब्ध करा रहा है। राजधानी में संचालित फाउंडेशन की चार अत्याधुनिक रसोइयों के माध्यम से यह भोजन समय पर बच्चों तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने इस पहल को बच्चों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में पीएम पोषण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और पोषण अभियान ने देश में पोषण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया है। स्वस्थ और पोषित बालक ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री जी द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, गर्भवती माताओं के पोषण, मिलेट्स के प्रोत्साहन और सर्विकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी पहले स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने भी ‘कोई भूखा न सोए’ के संकल्प के साथ अटल कैंटीन के माध्यम से श्रमिकों, जरूरतमंदों, मरीजों के परिजनों और असहाय लोगों को मात्र 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। सरकार का लक्ष्य प्रतिदिन एक लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराना है। इस दिशा में 100 अटल कैंटीन स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 71 कैंटीन प्रारंभ की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि पोषण और स्वास्थ्य पर ध्यान देना उपचार से अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वस्थ बचपन ही समृद्ध भारत की पहचान है। अक्षय पात्र जैसी संस्थाओं के साथ सरकार का यह साझेदारी मॉडल समाज और शासन के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री श्याम जाजू, अक्षय पात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भरतर्षभ दास, उपाध्यक्ष श्री चंचलपति दास, दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।