नीट 2026 में सफलता पाने वाले छात्रों का सम्मान समारोह
नीट 2026 में मेधावी छात्रों का सम्मान
महराजगंज :: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नौतनवा क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गुड्डू खान ने एक भव्य समारोह में सम्मानित किया। यह कार्यक्रम नौतनवा नगर के बाईपास स्थित एक विद्यालय में आयोजित किया गया। वार्ड नंबर-9 के निवासी जिज्ञांस कौशल (पुत्र मनोज कौशल), नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर-14 के रहमान खान (पुत्र निजामुद्दीन खान) और रामनगर अड्डा के आदित्य वरुण (पुत्र संतोष वरुण) को फूल-माला पहनाकर, स्मृति चिन्ह देकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गुड्डू खान ने कहा कि इन मेधावी छात्रों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के माध्यम से अपने परिवार और पूरे नौतनवा तथा सोनौली क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि इनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्हें विश्वास है कि ये सभी छात्र भविष्य में कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
सम्मान समारोह में छात्रों के परिजनों और उपस्थित लोगों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर शहनवाज खान, अनुज कुमार, निजामुद्दीन, मनोज कौशल, दीपू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने सफल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट विजय चौरसिया