×

नेपाल में बाढ़ से 903 लोगों की मौत, 4,247 लापता

नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें 903 लोगों की जान चली गई है और 4,247 लोग अब भी लापता हैं। राहत कार्यों में 20,819 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, और 10,451 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजी जा रही है। जानें इस आपदा के बारे में और अधिक जानकारी।
 

नेपाल में बाढ़ का कहर


नेपाल में आई भीषण बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या सोमवार सुबह तक 903 तक पहुंच गई है, जबकि 4,247 लोग अब भी लापता हैं। राहत की बात यह है कि 10,451 लोगों को सुरक्षित रूप से बचा लिया गया है।


यह जानकारी नेपाल के गृह मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आपदा जोखिम नियंत्रण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) द्वारा 31 अगस्त की सुबह नौ बजे तक के आंकड़ों के आधार पर दी गई है।


इस आपदा में 267 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में सबसे अधिक संख्या चितवन (272), नवलपरासी पूर्व (207), नवलपरासी पश्चिम (151), नुवाकोट (95), गोरखा (62), धादिंग (55), तनहुं (37) और रसुवा (24) में दर्ज की गई है। लापता 4,247 लोगों में 592 विदेशी नागरिक, 933 हाइड्रोपावर परियोजनाओं के कर्मचारी, रसुवा (865) और नुवाकोट (1558) के स्थानीय निवासी और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।


राहत कार्यों के लिए 20,819 सुरक्षाकर्मियों (नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र पुलिस बल) को तैनात किया गया है। हवाई बचाव के तहत 252 विदेशियों (30 अगस्त को 15 चीनी एवं सात भारतीय नागरिकों सहित) और 3,344 नेपाली नागरिकों को एयरलिफ्ट किया गया है। अब तक हेलीकॉप्टर की 411 उड़ानें भरी जा चुकी हैं।


प्रभावित क्षेत्रों में 37 ट्रकों और 35 बोलेरो वाहनों के माध्यम से राशन एवं राहत सामग्री भेजी गई है। इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 25 हजार लीटर डीजल, 21 हजार लीटर पेट्रोल और 10 हजार लीटर एविएशन फ्यूल की व्यवस्था की गई है। अज्ञात शवों की पहचान के लिए 21 अस्पतालों में रखा गया है।