नॉर्वे की पत्रकार का वीजा रद्द, कांग्रेस ने मोदी सरकार पर उठाए सवाल
वीजा रद्द होने से सियासी हलचल
नई दिल्ली : नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग को ओस्लो से हैदराबाद जाने का कार्यक्रम था, जहां वे 12 से 14 नवंबर तक तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित 'भारत समिट' में भाग लेने वाली थीं। उन्हें 'मीडिया का भविष्य' विषय पर एक पैनल में बोलने का अवसर मिला था। लेकिन, हेले लिंग ने आरोप लगाया कि बुधवार को उनकी उड़ान से कुछ घंटे पहले ही उनका भारतीय वीज़ा रद्द कर दिया गया। इस घटना ने भारत में राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरने का प्रयास किया है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर कहा, “आपको याद होगा कि नॉर्वे में एक पत्रकार ने मोदी से सवाल किया था और मोदी वहां से भागते हुए नजर आए थे। अब वही पत्रकार Helle Lyng तेलंगाना में 'भारत समिट' में आने वाली थीं, लेकिन उनका वीजा रद्द कर दिया गया। आखिर मोदी और उनकी सरकार को सवालों से डर क्यों लगता है?” इसके साथ ही विपक्षी दल ने लिंग का वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पूछा कि आखिरी समय पर उनका वीजा क्यों रद्द किया गया।
आपको याद होगा – नॉर्वे में एक पत्रकार ने मोदी से सवाल किया था और मोदी भागते हुए नजर आए थे।
अब वही पत्रकार Helle Lyng तेलंगाना में हो रहे ‘भारत समिट’ में आने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही उनका वीजा रद्द कर दिया गया।
आखिर मोदी और उनकी सरकार को सवालों से डर क्यों लगता है?
— Congress (@INCIndia) November 12, 2026
वीडियो संदेश में हेले लिंग ने कहा, “मुझे लगता है कि शायद इसका संबंध इस बात से है कि मैंने मई 2026 में, नॉर्वे के ओस्लो में, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछने के लिए अपनी 'प्रेस की स्वतंत्रता' का इस्तेमाल किया था।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार की आलोचना करने और भारत के प्रभावशाली अरबपतियों – मुकेश अंबानी और गौतम अडानी – से सवाल पूछने के कारण भी ऐसा हुआ हो सकता है।