नोएडा में गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की टीम जुटी राहत कार्य में
नोएडा में आग की घटना
नोएडा: भीषण गर्मी के चलते नोएडा में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। हाल ही में बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी में आग पर काबू पाया गया था, लेकिन आज शनिवार को नोएडा के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-63 से एक और बड़ी आग की घटना सामने आई है।
D-140 गारमेंट्स कंपनी में अचानक आग लग गई। कपड़ों और केमिकल की मौजूदगी के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरी बिल्डिंग से काले धुएं का गुबार उठने लगा। मौके पर एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां भेजी गई हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की चार यूनिट तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए और दमकल गाड़ियां बुलाने का निर्णय लिया गया। फायरकर्मी आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। सेक्टर 63 एक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कई अन्य कंपनियां भी स्थित हैं, इसलिए सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र को तुरंत खाली करवा लिया है ताकि आग और न फैले।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि इस घटना में अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। फैक्ट्री के कर्मचारियों को समय पर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि, आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासन शॉर्ट सर्किट और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रहा है।