पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने खोली कचहरी, लोगों की समस्याएं सुनीं
खुले दरबार में समस्याओं का समाधान
- गांव नगर में हाईवे पर गंदे पानी की समस्या का निरीक्षण किया
- मृतक दलित युवक के परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की
फिल्लौर /जालंधर- पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने आज फिल्लौर में विभिन्न स्थानों पर खुली कचहरी लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
अपने दौरे के दौरान, गढ़ी ने गांव नगर में हाईवे पर खड़े गंदे पानी की निकासी की समस्या का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए निर्देशित किया।
इस अवसर पर, उन्होंने पंजाब सरकार की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इस दौरान एस.डी.एम. फिल्लौर, तहसीलदार, बी.डी.पी.ओ. और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे। गढ़ी ने गांव मियोंवाल में एक दलित युवक के परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की, जिसकी हाल ही में एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
गांव मोरों में, गढ़ी के प्रयासों से दो पक्षों के बीच खेल मैदान बनाने को लेकर चल रहे विवाद को आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। उन्होंने गांव अकलपुर में डेरा ब्रह्म दास में जाकर गद्दीनशीन बाबा जसपाल सिंह का आशीर्वाद लिया और डेरा बाबा मेला राम में संत परमजीत दास जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने श्री राम मंदिर कुटिया गोराया में भी माथा टेका, जहां उन्होंने राज्य की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरे के दौरान उनके साथ सूबा ज्वाइंट सेक्रेटरी ‘आप’ प्रिं. प्रेम कुमार, ‘आप’ नेता हरजिंदर कौर संधू, अंग्रेज सिंह, कमलेश कुमार, जगदीश सिंह रामा, सरपंच मोरों हरदीप सिंह, किरपाल सिंह पाली और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।